






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 दिसंबर 2024। राजस्थान मे 2025 में 30 हजार सफाईकर्मियों की भर्ती करेंगे। शुरुआत में 2 साल के लिए संविदा पर भर्ती करेंगे। हर तीसरे महीने उनके काम की समीक्षा होगी। जो पूरी शिद्दत के साथ सफाई का काम करेगा, उसे आगे रोजगार का अवसर देंगे। जो काम नहीं करेगा, उसको घर भेजकर रिजर्व लिस्ट में से दूसरे व्यक्ति को मौका देंगे। फिर दो साल बाद उन्हें स्थायी नियुक्ति देंगे। ये बात यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने पाली के बांगड़ कॉलेज में गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कही है। मंत्री ने कहा कि वाल्मीकि समाज के संगठनों की मांग थी कि सफाईकर्मियों की भर्ती में कुछ छूट दी जाए। लेकिन, वो तब ही संभव है, जब हम नई विज्ञप्ति जारी करें। रिजर्वेशन के आधार पर जिन सफाईकर्मियों की नियुक्तियां हुईं, उनमें जो भर्ती हुए, वो सफाई के काम की बजाय दूसरे कार्यों में पदस्थापित करवाते हैं। इस शिकायत को दूर करने के लिए सफाईकर्मी भर्ती को निरस्त कर दिया है। अब 2025 में 30 हजार सफाईकर्मियों की संविदा पर भर्ती की जाएगी। बता देवें 4 दिसंबर को स्वायत्त शासन विभाग की ओर से 23 हजार 820 पदों पर निकाली गई सफाई कर्मचारियों की भर्ती को रद्द कर दिया गया था।



