May 20, 2026
10-octtt

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 फरवरी 2024। कोटा के जेके पवेलियन में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में क्षेत्र के पांच युवाओं व एक युवती ने पदक जीतकर श्रीडूंगरगढ़ का जिले सहित राज्य स्तर पर मान बढ़ाया है। गांव मोमासर के तीनों युवाओं ने गांव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राज्य स्तर पर दबदबा कायम किया है। पहलवान परमेश्वर पूनियां ने 87 किलो भार वर्ग के फाइनल में अलवर के पहलवान को शिकस्त दी और गोल्ड पर कब्जा किया। पूनियां ग्वालियर में आयोजित नेशनल कुश्ती में राजस्थान की टीम से खेलेंगे। वहीं गांव मोमासर के ही गोपी बांगड़वा 67 किलो भार वर्ग के फाइनल में भीलवाड़ा के पहलवान से हार गए और रजत पदक हासिल किया। इसी गांव के जेठाराम गोदारा को गंगानगर के पहलवान ने हराया और उन्हें ब्रॉन्ज मैडल से संतोष करना पड़ा है। परमेश्वर के भाई बीरबल पूनियां ने सभी को बधाई देते हुए बताया कि गांव के तीन युवाओं द्वारा मैडल हासिल किए जाने पर गांव में उत्साह का माहौल है। उप सरपंच जुगराज संचेती सहित अनेक ग्रामीणों व युवाओं ने तीनों युवाओं को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी है।
वहीं श्रीडूंगरगढ़ निवासी आदित्य तावनिया ने 55 किलो भार वर्ग के फाइनल में कोटपुतली के पहलवान से हार गए और सिल्वर मैडल हासिल किया है। यहीं के विजयपाल ने 63 किलो भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। गांव रीड़ी निवासी युवती सीमा जाखड़ ने ब्रॉन्ज मैडल हासिल किया। सभी खिलाड़ियों ने बीकानेर की टीम से खेलें और सभी विजेताओं को श्रीडूंगरगढ़ के कुश्ती कोच नितिन सिंह, सिकन्दर व मुकेश जांगिड़ सहित अनेक खेल प्रेमियों ने बधाइयां देते हुए प्रसन्नता जताई है।  श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। परमेश्वर पूनियां ने जीता गोल्ड, ग्वालियर में खेलेंगे नेशनल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के दो पहलवानों ने जीते सिल्वर।