






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 फरवरी 2024। लोकदेवता वीर बिग्गाजी की धड़ देवली पर वीर बिग्गाजी व पीथल माता मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ आज पंच दिवसीय महोत्सव संपूर्ण हुआ। लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं ने अपने इष्टदेव के दर्शन किए। 60 बीघा क्षेत्रफल में पांव रखने के लिए जगह नहीं मिली और देश भर से जन सैलाब वीर बिग्गा जी मंदिर में उमड़ा। हाइवे से बिग्गाजी की बाड़ी तक का मार्ग पैदल यात्रियों से अटा रहा। उल्लास के साथ मंदिर में आज पंडित इंद्रचंद सारस्वा व कैलाश तावणियां की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। पुजारी मालाराम तावणियां ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की। बिग्गा गांव के ग्रामीणों सहित बिग्गा व रीड़ी व आस पास के इलाके के जाखड़ परिवारों ने श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। रात दिन युवाओं की टोलियां व्यवस्थाओं में जुटी रहें। श्रीवीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के सभी सदस्यों ने सेवाएं संभाली। आज संस्थान द्वारा किए गए भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हाइवे के पास लाखों श्रद्धालुओं के लिए पांच दिन लगातार चाय पानी की नि:शुल्क व्यवस्था बिग्गा के जाखड़-गिल्ला परिवार द्वारा की गई। पांचो दिन व रात सरपंच जसवीर सारण, रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, किसान नेता तोलाराम जाखड़, समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार, रमेश जाखड़, रामप्रताप जाखड़ सहित समिति सदस्यों ने व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई।
शिखर कलश की सर्वोच्च बोली लगाई पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ ने, 75 बोलियां लगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्य मंदिर के शिखर कलश (इंदा) की सबसे बड़ी बोली पाली के पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ द्वारा लगाई गई। ये बोली एक करोड़ ग्यारह लाख की लगाई गई। समिति सदस्यों ने जाखड़ का अभिनंदन किया। सामरण कलश, सभा मंडप कलश, ध्वजा, प्रथम पट खोलने, ज्योति, झारी, झालर, चंवर, नगाड़ा, शंख, मुकुट, प्रथम प्रसाद, प्रथम आरती, दीपक, धुपिया, वीर घंटा, आरती घंटा, फूलमाला सहित 75 बोलियां लगाई गई। विभिन्न श्रद्धालु दानदाताओं ने लाखों की राशि की बोलियां लगाई। बुधवार रात आयोजित जागरण में इन दानदाताओं का सम्मान किया गया। वहीं समिति द्वारा 50 हजार से अधिक की राशि दान देने वाले सैंकड़ो श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया।
इन्होंने किए दर्शन, समिति ने किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पांच दिनों में देश भर से अनेक दिग्गजों ने महोत्सव में पहुंच कर अपनी हाजरी लगाई। गुरूवार को यहां हरियाणा के झज्जर जिले से 36 खाप के प्रधान कश्मीरीलाल जाखड़ अपने 65 सदस्यीय दल के साथ वीर बिग्गाजी के दर्शन को पहुंचे। जाखड़ ने सात लाख रूपए का सहयोग मंदिर में दिया। पूर्व पुलिस अधीक्षक दिलीप जाखड़ व सवाईसिंह गोदारा ने भी दर्शन किए। पूर्व कुलपति गंगाराम जाखड़ ने माथा टेका वहीं स्थानीय विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, आरएलपी के जिलाध्यक्ष बायतु के अन्नाराम बेनीवाल, बीकानेर डेयरी चेयरमैन अनोपाराम जाखड़ ने मंदिर पहुंच कर दर्शन किए। बाड़मेर के संत जैन भारतीजी ने पंच दिवसीय आयोजन में पूरी भागीदारी निभाई। समिति सदस्यों ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत सम्मान किया।
गूंजे अर्चना देवी के भजन, सम्मान का क्रम जारी रहा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार रात जागरण में बापेऊ की अर्चना देवी पार्टी ने अपने भजनों की प्रस्तुतियां दी। अर्चना देवी ने बीर बिग्गाजी महाराज की जीवन कथा को गाया तो श्रद्धालु झूम उठे। जागरण के दौरान सम्मान कार्यक्रम जारी रहा। यहां रीड़ी से नेशनल खेल कर आई खिलाड़ी युवतियों का भी सम्मान किया गया। हवन में बैठने वाले 11 जोड़ो का सम्मान किया गया। सभी सेवादारों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। समिति द्वारा पुलिस सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का भी आभार जताया गया। 13 वर्ष से मंदिर निर्माण कार्य कर रहें कारीगरों व इंजीनियर का भी सम्मान किया गया।
















