






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में समय से पहले आई गर्मी के कारण चारों ओर आग की घटनाएं लगातार हो रही है। होलिका दहन के बाद से शुरू हुए अग्निकांड हर रोज कही ना कही किसानो के सपनो को राख कर रहे हैं। बुधवार को भी तहसील के गांव मोमासर में मुखराम भांभू के खेत मे बिजली की लाइन टूटने के कारण निकली चिंगारी से गेंहू की पकी हुई खड़ी फ़सल में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग फैल गई और करीब करीब 14 बीघा भूमि पर खड़ी फसल जल कर राख हो गई। आस पास के किसानों ने बड़ी मुश्किल से फसलों के बीच मे ट्रेक्टर चला कर आग को पूरे खेत मे बढ़ने से रोका। मौके पर पहुंचे पटवारी चंद्रशेखर ओर एसएसआई रामनिवास मीणा ने नुकसान का सर्वे किया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। किसान को अनुमानित 100 क्विंटल होने वाली गेंहू की उपज, चारा ओर 45 पाइप, 35 फव्वारे आग की भेंट चढ़ गए। किसान मुखराम को लाखों का नुकसान हुवा है।





