






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 नवंबर 2022। शेषनाग, कृष्ण, राधा, मीरा, गोपियों के सुंदर वेश धारण कर सजे धजे 13 स्कूलों के विद्यार्थी, भजन व कृष्ण गीतों पर उल्लास के साथ नाचते गाते प्रतिभागी, गीत गुनगुनाते व भक्ति में झूमते श्रद्धालु ये दृश्य नजर आया आज आडसर बास की गोपाल गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी समारोह में। समारोह में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने भाग लिया। गौशाला अध्यक्ष जसराज मालू ने सभी का स्वागत करते हुए हर घर को गौसेवा से जुड़ने का आह्वान किया। मंत्री जगदीश स्वामी ने सनातन परंपरा में गौवंश का महत्व बताया व गौशाला का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीनारायण सोमाणी, ओमप्रकाश राठी, कैलाश तापड़िया, उपाध्यक्ष ताराचंद इंदौरिया ने भी गौसेवा की प्रेरणा दी। कमल सोमाणी के कार्यों की सराहना की गई। सांस्कृतिक समारोह में 13 विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। जज की भूमिका शिक्षाविद रूपचंद सोनी, महावीर धामा व लकेश चौधरी ने निभाई।
सेवा का किया सम्मान, दिया 1 लाख का चैक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गौशाला में पूर्ण निष्ठा के साथ 25 वर्षीय सेवा पूर्ण करने पर गौशाला कर्मचारी मांगीलाल स्वामी का सेवा सम्मान किया गया। समिति सदस्यों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर कर एक लाख रुपये का चैक भेंट दिया। इसके अतिरिक्त गौशाला कर्मचारी उगमसिंह राजपूत को सालाना श्रेष्ठ सेवा सम्मान देते हुए 21 हजार रुपये भेंट कर शॉल ओढ़ाया गया।
इन स्कूलों ने लिया भाग, ये रहें प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यास्थली, जयपुर पब्लिक स्कूल, विवेक निकेतन स्कूल, एजी मिशन स्कूल, सनफ्लावर स्कूल, शिव सीनियर स्कूल, ज्ञानदीप पब्लिक एकेडमी, संस्कार इनोवेटिव स्कूल, महाराणा प्रताप स्कूल, सनशाइन पब्लिक स्कूल, ब्राइट फ्यूचर स्कूल, शिवाजी पब्लिक स्कूल, सूर्या पब्लिक स्कूल ने भाग लिया। और इनमें से प्रथम स्थान संस्कार इनोवेटिव स्कूल के विद्यार्थियों ने हासिल किया। दूसरा स्थान महाराणा प्रताप स्कूल ने तथा तीसरा स्थान विवेक निकेतन स्कूल ने हासिल किया।
महिलाओं ने किया पूजन, सौंपा सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गोपाष्टमी के पर्व पर गौवंश का पूजन करने अनेक महिलाएं गौशाला में पहुंची। वहीं माहेश्वरी महिला समिति ने गोपाल गौशाला में 7100 रुपए की सहयोग राशि सौंपी। अनेक महिला भजन मंडलियों द्वारा भी राशि सौंपी गई।














