






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2021। आज बीकानेर उपनिदेशक कृषि (विस्तार) कैलाश चौधरी श्रीडूंगरगढ़ आए व क्षेत्र का दौरा किया। चौधरी ने जोधासर ग्राम पंचायत के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर पहुँच कर किसानों के साथ चर्चा करते हुए क्षेत्र में फसलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना की पॉलिसी के बॉण्ड किसानों को वितरित कए गए। चौधरी ने किसानों को डीएपी की बजाय तिलहनी फसलों में यूरिया व सिंगल सुपर फॉस्फेट का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि तिलहनी फसलों में सल्फर एक उपयोगी तत्व होता है एवं एसएसपी के उपयोग से तेल की गुणवत्ता व उत्पादन में वृद्धि होती है। चौधरी ने कृषि विभाग द्वारा जारी “राजकिसान सुविधा” एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर उस से कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी से अपडेट रहने के सम्बंध में जानकारी दी। सहायक कृषि अधिकारी रमेश भाम्भू ने बताया कि राज किसान पोर्टल पर कृषि विभाग से प्राप्त होने वाली अनुदान पत्रावलियों के लिए किसान ई-मित्र के अलावा स्वयं के स्तर पर जनाधार या एसएसओ आईडी के जरिये आवेदन कर सकता है। आवेदन प्रक्रिया को अब एकदम सरल बना दिया गया है। इस दौरान कृषि अधिकारी भैराराम गोदारा, कृषि पर्यवेक्षक रणजीत सिंह व जीएसएस जोधासर के कल्याण सिंह साथ रहें तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहें।






