August 30, 2026
6f4ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 दिसम्बर 2020। श्रीडूंगरगढ़ में राजनीतिक शह पर प्रशासन द्वारा अपनाया गया संवेदनहीन चेहरा और आम जनता के साथ पर अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। प्रशासन शीघ्र दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करें अन्यथा श्रीडूंगरगढ़ में धरना प्रदर्शन कर आम जनता आक्रोश प्रकट करेगी जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। ये चेतावनी आज भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत ने अतिरिक्त जिलाकलेक्टर को जिलाकलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दी है। सारस्वत ने सोमवार सुबह कस्बे में प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का पुरजोर विरोध दर्ज करवाया। सारस्वत ने कहा कि सभी जगह पालिका कड़ाके की सर्दी में गरीबों के लिए रैन बसेरे बना रही है वहीं हमारे क्षेत्र में 50 वर्षों से रह रहें मालियों की बस्ती में घर तोड़े गए है। सारस्वत ने ज्ञापन में कहा कि बिना महिला पुलिस के सफाई कर्मचारियों ने महिला को घर से घसीट कर बाहर निकाला व मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों ने ये कार्य करवाया। बिना किसी कागजी कार्रवाई के प्रशासन ने ये कदम कैसे उठाया.? ये अधिकारी नादिरशाही स्वीकार्य नहीं है और इससे पूरे क्षेत्र में रोष की भावना भर गई है। सारस्वत ने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए बिना जांच के कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया। सारस्वत ने कहा कि जिस जमीन पर पालिका का हक ही नहीं है और इस जमीन की पालिका की अपील तीन बार खारिज हो चुकी है फिर पालिका का गुंडाराज सहन नहीं किया जाएगा। ज्ञापन देने सारस्वत के साथ पूर्व जिला परिषद सदस्य हेमनाथ जाखड़, जिला उपाध्यक्ष बजरंगलाल सारस्वत, बंसी, देवकिशन, विक्रम सिंह राजपुरोहित, एडवोकेट हरीश शामिल रहें व जिला प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई नहीं करने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार को कस्बे में हुई प्रशासनिक कार्रवाई का सारस्वत ने विरोध करते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी है।