May 20, 2026
88

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में किसानों की सबसे बड़ी सहकारी संस्था श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति में आज सोमवार से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है और आगामी 10 अप्रैल को यहां मतदान होने है। राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशानुसार जिले भर में सहकारी संस्था की तीन मुख्य इकाईयां है एवं तीनों में चुनाव होने है। श्रीडूंगरगढ़ इकाई के चुनाव हेतु केन्द्रीय सहकारी बैंक की उप-रजिस्ट्रार प्रतिभा शास्त्री को चुनाव अधिकारी बनाया गया है एवं 27 मार्च को श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति के मतदाताओं की प्राथमिक सूची का प्रकाशन किया जाना है। इस सूची में 2 अप्रैल को दोपहर 1 बजे तक आक्षेप लगाए जा सकेगें और दो अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से 1 बजे तक समिति में अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक अपना नामाकंन कर सकेगें। इसी दिन नामांकनों की जांच कर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। 7 अप्रैल को सुबह 9 बजे से 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा एवं 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ही मतगणना होगी एवं चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। विदित रहे कि क्षेत्र में किसानों को यूरिया, डीएपी, बीजों की कीट आदि का वितरण करना हो या सर्मथन मूल्य पर खरीद हो, चाहे क्षेत्र में आंगनबाड़ी, राशन डीपो आदि पर राशन सप्लाई हो, सभी कार्य इसी सहकारी समिति के माध्यम से होते है। सालाना करोड़ों के टर्न ओवर वाली इस समिति पर अपने अपने गुट के नेताओं को विजयी बनाने के लिए सभी बड़े नेताओं द्वारा अपनी पूरी जोर-आजमाईश की जाती है।