






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मई 2022। राज्य में वारदाते कर अपराधी शरण के लिए बीकानेर को अपना ठिकाना बना रहे हैं। ऐसे ही दो शातिर अपराधी शनिवार को एक सड़क हादसे के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुढ़ामलानी क्षेत्र के निवासी शातिर अपराधी शंकरलाल विश्नोई ओर दिनेश कुमार ने शुक्रवार रात जयपुर से एक स्कॉर्पियो चुरा ली और शरण लेने के लिए बीकानेर की ओर जा रहे थे। रास्ते मे सुबह करीब 8.30 बजे नेशनल हाइवे पर लखासर ओर जोधासर के बीच सामने से आ रही एक वैगनआर गाड़ी में इनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद गाड़ी बंद होने से दोनो अपराधी पैदल ही भागने लगे जिन्हें शेरूणा पुलिस के जवानों ने रोही से पकड़ लिया। टक्कर में घायल वैगनआर गाड़ी में सवार तीन जनो को हल्की चोटें आई है। दोनो चोरों को पकड़ कर जयपुर पुलिस को सूचना दे दी गई है और जयपुर पुलिस शेरूणा के लिए रवाना हो गई है।



