






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अगस्त 2025। दहेज के लिए एक विवाहिता को तंग परेशान करने व मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। मोमासर बास निवासी 23 वर्षीया माया पुत्री विमल कुमार भार्गव ने राजलदेसर के भार्गव बस्ती निवासी अपने पति मनोज कुमार पुत्र नंदलाल भार्गव व सास सुमनदेवी के खिलाफ आरोप लगाए है। विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 18 मई 2019 को आरोपी के साथ हुआ जिसमें उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया। विवाह के बाद से ही आरोपी कम दहेज देकर समाज में नाक कटवाने की बात कहकर परेशान करने लगे। आरोपियों ने दो लाख रूपए नगदी व एक मोटरसाइकिल लेकर आने को कहा। आरोपी पीड़िता को शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करने लगे। परिवादिया लंबे समय तक अपने पीहर में ही रही और देवर की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हो जाने पर लोक लाज के कारण वह 2 जून 2024 को ससुराल चली गई परंतु आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोपियों ने 15 दिन बाद ही उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसके परिजनों ने कई बार समझाईश करते हुए घर बसाने की बात की पर आरोपी नहीं माने। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।



