






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2025। मेंहदीपुर बालाजी पीठाधीश्वर महंत 108 डॉ नरेश पुरी महाराज द्वारा 29 जुलाई से 23 अगस्त तक पार्थीवेश्वर चिंतामीणी महाप्रयोग आयोजित किया गया है। इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में 21 अगस्त को पीठाधीश्वर डॉ नरेश पुरी महाराज का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। अभिनदंन समारोह में राजस्थान दशनाम गोस्वामी सभा समिति के प्रतिनिधि के रूप में युवा प्रदेशाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई श्रीडूंगरगढ़ द्वारा महंत का अभिनंदन किया गया। गुंसाई ने अभिनंदन पत्र एवं चांदी की गदा प्रदान कर महंत नरेश पुरी का अभिनंदन किया एवं आर्शीवाद लिया। कार्यक्रम के दौरान योग गुरू बाबा रामदेवजी महाराज, राजस्थान के देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत, पोकरण विधायक संत प्रतापपुरी महाराज, महंत बाबुलाल भारती व दशनाम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ महेश गिरी सहित देश भर से आए साधु संतों का सानिध्य रहा। विदित रहे कि डॉ नरेश पुरी के सिद्ध पीठ धाम घाटा, मेंहदीपुर बालाजी पीठ के पीठाधीश्वर पद पर पट्टाभिषेक होने के वार्षिक समारोह के रूप में प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है एवं इस वर्ष भी हरिद्वार के शिव की पौड़ी में गंगा किनारे यह चौथा पार्थीवेश्वर चिंतामणि महाप्रयोग किया गया। 29 जूलाई से 23 अगस्त तक आयोजित इस महाप्रयोग में प्रतिदिन सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक 108 रूद्राभिषेक, 108 रामचरित मानस पाठ, 108 भागवत महापुराण पाठ, 11 लाख महामत्युजंय मंत्र जाप, 11 लाख 11 सौ विष्णु सहस्त्रनाम पाठ किए गए है। विश्व शांति के लक्ष्य से आयोजित यह कार्यक्रम अध्यात्मिक उर्जा का समागम केन्द्र बना।




