






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अप्रैल 2021। श्रीडूंगरगढ़ कोरोना का हॉटस्पॉट बन गया है और अब सभी क्षेत्रवासियों को सचेत होने होकर सावधान रहने की जरूरत है। बता देवें बीकानेर जिले में भी अब ऑक्सीजन की कमी से सांसे उखड़ सकती है। जिले के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम में रोज 750 सिलेंडरों की आवश्यकता है और केवल 230 सिलेंडर मिल रहे है। आने वाले दो तीन दिन में हालात विकट हो सकते है और जिला प्रशासन लगातार लोगों से डिस्टेंसिंग की पालना के लिए अपील कर रहा है।
कोविड हॉस्पिटल आईसीयू में भर्ती मरीज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की भारी किल्लत हो गई है। प्रशासन के हाथ-पैर फूले हुए हैं। यदि दो-तीन दिन में सिलेंडर नहीं मिले तो कई कोरोना रोगियों की सांसें उखड़ सकती हैं। पीबीएम एमसीएच कोविड हॉस्पिटल में इन दिनों कोरोना के 186 रोगी भर्ती हैं। इनमें से 27 वेंटीलेटर और 92 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। इन्हें सबसे ज्यादा खतरा है।
ऑक्सीजन के रोजाना 500 सिलेंडर लग रहे हैं। पीबीएम में जरूरत 750 सिलेंडरों की है। जबकि स्टाक एक हजार का ही है। लोकल एजेंसियां 230 सिलेंडर से ज्यादा दे नहीं पा रही हैं। ऐसे में मुश्किल से दो दिन का ही स्टॉक बचा है। स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक ऑक्सीजन सिलेंडरों के इंतजाम में देर रात तक जुटा रहा।
ऑक्सीजन प्लांट में 1 हफ्ता लगेगा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीबीएम में ऑक्सीजन जेनरेट करने के लिए एक करोड़ की लागत से प्लांट लगाया जा रहा है। इसे तैयार होने के करीब एक सप्ताह लगेगा। इसके अलावा लिक्विड ऑक्सीजन गैस प्लांट तैयार हो चुका है। लेकिन जामनगर से लिक्विड गैस अभी तक बीकानेर नहीं पहुंची है।
हरियाणा, हिमाचल ने ऑक्सीजन की रोकी सप्लाई
पीबीएम हॉस्पिटल को अब तक हरियाणा और हिमाचल से ऑक्सीजन सिलेंडरों की सप्लाई हो रही थी। पिछले साल ही हॉस्पिटल प्रशासन ने वहां की कंपनियों के साथ एमआयू किया था। लेकिन देश में कोरोना रोगियों की दर बढ़ने के कारण केंद्र सरकार ने ऑक्सीजन बनाने वाली कंपनियों को अधिग्रहित कर लिया है। इस वजह से कंपनियों ने ऑक्सीजन सप्लाई करने से मना कर दिया है।
रोज 500 से ज्यादा सिलेंडर कोरोना मरीजों को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीबीएम हॉस्पिटल में हर दिन करीब 750 ऑक्सीजन सिलेंडरों की खपत है। इनमें से पांच सौ से अधिक सिलेंडर कोविड एमएसीएच हॉस्पिटल में काम आ रहे हैं। बाकी सिलेंडर मेडिसिन, सर्जरी सहित अन्य आईसीयू, वार्ड और बच्चा हॉस्पिटल में लग जाते हैं। ऑक्सीजन समय पर नहीं मिली तो दिक्कत सभी जगह होगी।
संकट को देखते तीन निजी फर्म अधिग्रहित किए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीबीएम में ऑक्सीजन के संकट को देखते हुए कलेक्टर नमित मेहता ने सोमवार रात जिले की 3 निजी फर्म को अधिग्रहित करने के आदेश जारी किए हैं। रीको के करणी औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स दिलीप गैस एंटरप्राइजेज, शेरुणा की मैसर्स बी एस एयर प्रोडक्ट्स एलएलपी तथा विश्वकर्मा इंडस्ट्रीयल एरिया खारा स्थित मैसर्स बीकानेर गैसेस प्लांट नंबर सी वन अब पीबीएम को ऑक्सीजन सप्लाई करेगा।




