May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-07-04 at 19.40.34

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जुलाई 2024। क्षेत्र में अनेक उपयोगी कार्यक्रमों में अर्थसहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जीव जतन जल कल्याण ट्रस्ट, कोलकाता द्वारा क्षेत्र में अब प्रकृति संरक्षण में योगदान का बीड़ा उठाया है। ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष हजारों फलदार व छायादार पौधों का वितरण किया जाता है। इस कार्य में इस वर्ष क्षेत्र की पर्यावरण व जीव प्रेमी संस्था आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ SDGH सेवा समिति द्वारा सेवा सहयोगी बन कर हर घर को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। क्षेत्र को हरा भरा करने के अभियान श्रम सहयोगी के रूप में जैन युवक परिशद के युवा भी अपनी सेवाएं देंगे। समिति अध्यक्ष मनोज डागा ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत छायादार व फलदार पौधों की 31 किस्मों के करीब 6 हजार पौधे तो यार्ड में उपलब्ध है। जो की पुष्कर, सरदारशहर व श्रीडूंगरगढ़ की नर्सरियों से उन्नत किस्म के खरीद किए गए है। इन पौधों को अब प्रति व्यक्ति दो पेड़ व सार्वजनिक स्थानों जिनमे मंदिर, स्कूल, पार्कों व शमशान के लिए 11 पौधे श्रीडूंगरगढ़ शहरी व ग्रामीण अंचल के लिए दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी समिति सेवादार व परिषद के युवा गत दिनों से कर रहें है। पूरे कार्यक्रम के लिए संयोजक रमेश राजपुरोहित व सह संयोजक विक्रम मालू को नियुक्त किया गया है। इस दौरान पौधशाला के लिए स्थान शुभकरण सुमेरमल पुगलिया ने हाई स्कूल रोड़ का अपना भूखंड सेवार्थ उपलब्ध करवाया है। यहीं से सुबह 6 बजे से 10 बजे तक व शाम 5 बजे से 07:30 बजे तक आमजन के लिए पौध वितरण का कार्य किया जाएगा। समिति द्वारा संकल्प पत्र भरवाकर पौधे दिए जाएंगे। वहीं रमेश राजपुरोहित व विक्रम मालू ने पर्यावरण को बचाने की मुहिम में प्रति व्यक्ति को सहयोगी बनने की अपील करते हुए पौधरोपण कर उसका पालन करने का संकल्प लेने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जो संस्था या व्यक्ति दो वर्ष में पौधे को वृक्ष बना देंगे उन्हें पांच पांच पौधे उन्नत किस्म के उपहार में दिए जाएंगे। ये खबर पढ़ने के बाद पाठक गण जागरूक नागरिक का दायित्व निभाते हुए इसे हर गांव व हर घर तक जरूर पहुंचाए। जिससे लोग उन्नत किस्म के पौधे लेकर उनका पालन कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी बर सकें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 31 किस्मों के करीब 6 हजार पौधे तो उपलब्ध है।