






नन्हें मुन्नों ने शिक्षकों का किया सम्मान, दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को उत्साह के साथ विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस मनाया। नन्हें मुन्नों ने शिक्षकों का सम्मान किया। विद्यालय के संचालक कांतिप्रकाश दर्जी ने डॉ राधाकृष्णन सर्वपल्ली के जीवन प्रसंग बताते हुए शिक्षक दिवस मनाए जाने के बारे में जानकारी दी। दर्जी ने कहा कि माता पिता के बाद शिक्षक ही है, जो बच्चों के जीवन को दिशा देते है। शिक्षक रणजीत नाई ने भारतीय संस्कृति में गुरू के महत्व का वर्णन करते हुए शिक्षक की उपयोगिता बताई। शिक्षिका उर्मिला जैन बच्चों को जीवन में अनुशासन का महत्व समझाते हुए अनुशासन अपनाने की बात कही। विद्यार्थी भव्य संचेती ने शिक्षकों के लिए केक बनाया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष सुरक्षा थेपड़ा, शिक्षिकाएं महिमा सिद्ध, ज्योति प्रजापत, मोनिका तावणियां, विजयलक्ष्मी डागा व भावना शर्मा उपस्थित रही। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को अनेक खेल खिलाए। शिक्षकों ने बच्चों के प्रति कृतज्ञता जताई।

लर्न एडं फन में बच्चों ने शिक्षकों को दिए सरप्राइज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास में स्थित लर्न एडं फन स्कूल उत्साह के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया। बच्चों ने अपने अपने कक्ष सजाएं और अपनी कक्षा शिक्षिका को सरप्राइज दिया। बच्चों ने शिक्षकों को केक कटवाया और हाथों से सजाए कार्ड व उपहार दिए। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान सरदारशहर से बुलाए गए कॉरियोग्राफर ऋतिक कुमार ने बच्चों को नृत्यों के विभिन्न प्रकार के बारे में बताया। प्रधानाचार्य विनीता सारस्वत ने शिक्षक दिवस के बारे में बच्चों को विस्तृत जानकारी देते हुए अपने शिक्षकों की दी सीख को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इस दौरान स्कूल का पूरा स्टाफ शामिल हुआ व बच्चों का आभार जताया।

तनोटराय माता पहुंच लगाई धोक, मांगी माता से मन्नतें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव देराजसर और दुलचासर का 20 सदस्यीय याराना पैदल यात्री संघ ने गुरुवार को तनोटराय माता दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और धोक लगाई। गत 22 अगस्त को पदयात्री दुलचासर व देराजसर से रवाना हुए। पदयात्रियों ने 29 अगस्त को लोकदेवता बाबा रामदेवजी के धाम में रामदेवरा में धोक लगाई। यहां बाबा के दर्शन करने के बाद संघ अगले धाम तनोटराय माता मंदिर के लिए रवाना हुआ। संघ के सभी 20 पदयात्रियों ने गुरूवार 4 सितंबर को सुबह तनोट राय माता मंदिर पहुंच कर मातेश्वरी के ज्योत के दर्शन कर धोक लगाई। क्षेत्र से दर्जनों लोगों ने तनोट माता मंदिर जैसलमेर पहुंचकर पैदल यात्रियों का स्वागत किया। संघ के अध्यक्ष श्रीभगवान नाई ने बताया कि इस संघ की यह तनोट राय माता जैसलमेर के लिए चौथी सफल पदयात्रा रही है। जत्थे में दुलचासर से श्रीभगवान नाई, हंसराज महिया, जयनारायण शर्मा, मनोज नाई, मनीष महिया, देराजसर से जेपी भादू, केसराराम भादू, नेताराम भादू, गौरीशंकर सुथार, गणेश भादू, सुनील शर्मा, चांदरत्न , मनोज सहित 20 सदस्यीय दल ने उत्साह के साथ यात्रा पूर्ण की।

बिग्गा से विशाल पैदल संघ ने तोलियासर बाबा के दर्शन किए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को गांव बिग्गा से पितरजी महाराज सेवा संघ बिग्गा का विशाल पैदल संघ तोलियासर पहुंचा और जयकारों के साथ बाबा के दर्शन किए। संघ में सैंकड़ो पदयात्री शामिल हुए और धूमधाम से सुबह संघ रवाना हुआ और दोपहर से पहले तोलियासर पहुंच गए।




