






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मार्च 2022। शनिवार शाम विधायक गिरधारीलाल महिया एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का नारसीसर-कुचौर मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज संघर्ष समिति द्वारा स्वागत किया गया। नारसीसर माताजी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में महिया ने क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से जिन समस्याओं से संघर्ष कर रही है उस संघर्ष को विधानसभा तक पहुंचा कर समाधान करवाने का प्रयास पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे अंडरब्रिज निर्माण की घोषणा से कई गांवों को फायदा होगा व जनता के संगठनात्मक शक्ति व संघर्ष की विजय हुई है। एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य व एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने इस दौरान सभी का आभार प्रकट करते हुए विधायक का स्वागत किया। संघर्ष समिति के टेऊ सरपंच सुनील दुगरिया, दुलचासर सरपंच प्रतिनिधि मोडाराम महिया, दानाराम भादू, मोहनलाल भादू, सेरूणा उपसरपंच भागूनाथ सिद्ध, श्रीभगवान स्वामी, ऊदाराम मेघवाल, गोपालाराम जाखड़, दानाराम प्रजापत आदि मौजूद रहे। इस दौरान नारसीसर, सेरूणा, झंझेऊ, जोधासर, तेजरासर, देराजसर, बादनूं, कुचौर आदि के ग्रामीण व किसान मौजूद रहे। इस आयोजन के बाद महिया ने गांव नारसीसर में नवनिर्मित नलकूप का लोकार्पण किया।





