






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बिजली संकट के कारण पेयजल सप्लाई पर असर तो पड़ा है लेकिन कार्मिकों की उदासीनता एवं लापरवाही के कारण क्षेत्रवासी खासे संकट से गुजर रहे है। ऐसे में गुरूवार को प्रधान प्रतिनिधि एवं कांग्रेसी नेता केशराराम गोदारा ने बीकानेर पहुंच कर उच्चाधिकारियों को पेयजल के संबध में शहर के हालातों के पूरी जानकारी देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। गोदारा ने बताया कि जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश पुरोहित से मुलाकात की और श्रीडूंगरगढ़ में बंद पड़े कुंओं को तत्काल सही करवाने, मोटरें जलने पर बदलने के संबध में नई मोटरें देने और कस्बे में पेयजल वितरण के दौरान सजगता रख कर समान वितरण करवाने की मांग की गई। गोदारा ने बताया कि वितरण कार्मिकों के निजी स्वार्थों के कारण शहर में पेयजल संकट को अधिक बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में एक्सईएन राजेश पुरोहित ने श्रीडूंगरगढ़ के लिए दस नई मोटरें त्वरित रूप से उपलब्ध करवाने, बंद कुंओं को शुरू करवाने व वितरण की निगरानी करवाने की बात कही है।





