May 21, 2026
0000_

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अक्टूबर 2025। समर्थन मूल्य पर खरीद का सिस्टम भी किसानों के लिए जी का जंजाल बन गया है। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के पांच सेंटर उपकेंद्र श्रीडूंगरगढ़ मंडी, श्रीडूंगरगढ़ ए, श्रीडूंगरगढ़ सी, जीएसएस जोधासर, जीएसएस लिखमादेसर पर टोकन आज सुबह ही फुल हो गए है। आज ही दोपहर बाद जीएसएस सांवतसर में पंजीयन बंद हो गया और टोकन फुल बता रहा है। क्षेत्र के छह केंद्रो पर ऑनलाइन टोकन फुल होने से बड़ी संख्या में किसान अभी टोकन से वंचित है, और किसान परेशान हो रहें है। किसानों ने बताया कि बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान अभी तक टोकन से वंचित है और ऐसे में टोकन की संख्या विभाग द्वारा जारी की जाए और टोकन संख्या बढ़ाई जाए। श्रीडूंगरगढ सी केंद्र पर केवल मूंगफली खरीद होनी है व शेष पांचों केंद्रो पर मूंग व मूंगफली दोनों की खरीद होगी। किसान टोकन पंजीयन में घोटाले का आरोप लगाते हुए मूंग के टोकन नहीं मिलने की शिकायत भी कर रहें है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में मूंग व मूंगफली की पैदावार अच्छी हुई है परंतु टोकन ऊंट के मुंह में जीरे के समान जारी किए गए है। पहले दो दिन किसान साइट नहीं चलने से परेशान थे, दो दिन दीपावली का अवकाश आ गया, और आज टोकन फुल आ रहें है। किसानों का आरोप है विभाग टोकनधारी किसानों के नाम भी सार्वजनिक करें जिससे पारदर्शिता आ सके। सहकारिता विभाग के अधिकारी भिखासिंह ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के लिए कितने टोकन आवंटित हुए है इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना हमारे पास नहीं है, फिर भी पुख्ता जानकारी मिलने पर संख्या सार्वजनिक कर दी जाएगी। सिंह ने कहा कि कृषि विभाग की रिपोर्ट के आधार पर 25 प्रतिशत खरीद के टोकन का जारी होते है।
खेत में मूंगफली गिरदावरी में बताई मोठ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छतरगढ़ में गिरदावरी घोटाले की चर्चाएं सोशल मीडिया पर आज खूब वायरल हो रही है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ अंचल में भी गिरदावरी में आ रही गड़बड़ियों से भी किसान खासे परेशान हो रहें है। किसान प्रशासन से गिरदावरी सही किए जाने की मांग भी कर रहें है। गांव माणकरासर के किसान मानाराम जाट के सभी वारिसान के 1/8 हिस्सा खेत है। जिसमें किसान ने खसरा नबंर 121 में मूंगफली की फसल बिजान की हुई और इसमें गिरदावरी में मोठ बताया गया है। किसान जब समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए गिरदावरी निकलवाने गया तो हैरान रह गया। रीड़ी के किसान हनुमान पुत्र सुगनाराम जाट ने तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ को पत्र लिखकर उसकी गिरदावारी सही करवाने की मांग की है। हनुमान ने बताया कि रीडी़ की रोही में खसरा नबंर 2671/353 में उसके खेत में मूंगफली की सिंचिंत फसल काश्त की हुई है जबकि गिरदावरी में ग्वार की फसल दर्ज की गई है। किसान ने हल्का पटवारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई व जांच की मांग की है।
साधासर में 100 से ज्यादा किसान हुए हैरान, परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव साधासर जहां प्रशासनिक अधिकारी नोखा क्षेत्र के है, में 100 से अधिक किसान बुरी तरह से परेशान हो गए है। साधासर के पूर्व सरपंच रामकिशन तर्ड ने प्रशासनिक कार्मिकों पर आरोप लगाते हुए किसानों पर अत्याचार करने की बात कही। तर्ड ने बताया कि गांव साधासर में 100 से अधिक किसानों के खेतों में मूंगफली खड़ी है और गिरदावरी में मोठ, मूंग व ग्वार बता दिया जिससे इनमें से एक भी किसान को टोकन नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि गिरदावारी कमरों में बैठ कर मनमर्जी से भर दी गई और किसानों को उनके हक से वंचित कर दिया गया है। तर्ड ने बताया कि कई बार उपखंड अधिकारी व तहसीलदार को गिरदावरी और मौके की फोटो प्रति भेज कर कार्रवाई की मांग की है परंतु एक भी गिरदावरी नहीं सुधारी गई है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मानकरासर में किसान के खेत में खड़ी है मूंगफली, गिरदावरी में बताई मोठ, किसान हो रहें परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छहों केंद्रों पर टोकन हुए आज सुबह फुल, बड़ी संख्या में किसान रहें वंचित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव रीड़ी में खेत में खड़ी है मूंगफली, गिरदावरी में बताई ग्वार व बाजरा, किसान ने तहसीलदार को दी लिखित शिकायत, लगाए आरोप।