






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 नवम्बर 2023। विधानसभा चुनाव- 2023 के लिए मतदान 25 नवम्बर को होना है एवं मतदान के लिए आज से 16 दिन शेष रहें है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा प्रतिदिन विशेष कवरेज “सत्ता का संग्राम” टाइम्स के सभी पाठकों के लिए चुनाव की काऊंडाउन के साथ लगातार प्रस्तुत की जा रही है। प्रतिदिन शाम को एक अंदरखाने की खबर के साथ क्षेत्र की चुनावी चर्चा पाठकों के समक्ष रखी जा रही है। इसी क्रम में पढ़ें आज की विशेष टिप्पणी।
म्हे थारा, थे म्हारा, अमरप्रेम की गाथा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चुनावी माहौल में एक ओर जहां पार्टियों ने अपने मोहरे मैदान में उतार दिए है। वहीं अब जनता के बीच पहुंचने की रणनीति बनाई जा रही है। सभी पार्टियों के नेता जनता के नेता बनने के पूरजोर प्रयासों में जुट गए है। सभी प्रत्याशी के मुंह से जनता जनार्दन की आवाज सुनाई देने लगी है। जनता को सर्वोपरी बताते हुए जनता का नेता बनने के लिए अनेक उपक्रम भी अपनाए जा रहें है। झगड़ा व्यक्तित्व और सिंबल का नजर आ रहा है। लंबे समय तक जनता के बीच से गायब रहने वाले नेताओं का जनता से अमरप्रेम देखते ही बन रहा है। नेताजी जी-तोड़ प्रयासों से जनता को यह मनाने में जुटे है कि “म्हे थारा, थे म्हारा”। ऐसे में जनता के मानस पटल पर गत वर्षों उनके सुख-दुख: में कौन साथी कब कब बना, इसी के आधार पर छवि बन रही है और तुलनात्मक अध्ययन भी चौपालों पर हो रहा है। नेता-जनता की ये अमरप्रेम की गाथा कितनी असरकारी होगी ये तो परिणाम ही बता पाएगा।
राज रो फायदो कुण लेवला.!
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जनता के बीच एक सवाल ये भी लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है कि राज रो फायदो कुण लेवला। हालांकि चुनाव आयोग पूरी सख्ती से चुनाव का सफल संचालन करने की तैयारियों में जुटा है। परंतु इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता कि राज का फायदा भी संबंधित नेता को छोटे बड़े मामलों में मिलता ही है। ऐसे में यहां के पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक दोनों ही सीएम के निकट माने जाते है और विजयी होने के बाद दोनों सीएम के साथ ही खड़े नजर आएंगे ऐसे में जनता के बीच चर्चा है कि राज रो फायदो कुण लेवला.!
साईबर वार, अटैक अपार, लगी हुई है विशेष टीम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के चुनावों में इस बार साईबर वार भी जबरदस्त तरीके से देखने को मिल रहा है। यहां पहले ताराचंद सारस्वत के एक पुराने वीडियो में गिरधारी महिया पर आरोप लगाने के लिए उनकी जय बोलने का वीडियो हो या चाहे बाद में निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा के कार्यालय उदघाटन में पार्षद सोहनलाल ओझा का संघ पर की गई टिप्पणी हो। क्षेत्र की सोशल मीडिया पर इसे खासा वायरल किया गया है। बुधवार को शहर की सरकार के सरदार की एक आईडी से “नाको दोरो ही लागे” की पोस्ट लगा दी गई। सोशल मीडिया पर इसे शहर की सरकार के सरदार द्वारा लगाई गई पोस्ट समझ लिया गया और ये जम कर ट्रोल की गई है। अब प्रचार में पहले से ही उपेक्षित चल रहे शहर की सरकार का सरदार किस किस को समझाए कि वह आईडी उसकी नहीं बल्कि किसी ने फेक आईडी बना कर उनकी कार सेवा कर दी गई है। सुनने में यह भी आया है कि शहर की सरकार के सरदार ने इसके लिए पुलिस को भी लिखित रिपोर्ट भी दी है।




