






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2021। क्षेत्र के गांव मिंगसरिया के ग्रामीणों ने गांव की समस्त सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे होने की बात कहते हुए गोचर भूमि को अतिक्रमणकारियों से मुक्त करवाने की मांग की है। जिलाक्लेकटर के नाम बड़ी संख्या में हस्ताक्षरित ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपते हुए युवाओं ने बताया कि गांव में जोहड़ भूमि, गोचर, गौवा, तलाई पर अवैध कब्जे कर रास्ते भी रोक दिए गए है जिन्हें लेकर गांव में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, तहसीलदार, उपखंड अधिकारी, जिलाकलेक्टर तक ज्ञापन दिए है। गौसेवा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अशोक सिंह मिंगसरिया, ओमबन्ना टाइगर फोर्स के सदस्य संदीप सिंह मिंगसरिया, रतनसिंह नोसरिया, दिलीपसिंह मिंगसरिया सहित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गोचर भूमि अतिक्रमण की भेंट चढ़ गया है और अब गायों की मृत्यु पर भी उनके लिए स्थान नहीं बचा है। इन युवाओं ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए तुरंत इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की है।



