






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 फरवरी 2021। आज के बजट में हमारे क्षेत्र के विधायक गिरधारी महिया जो गहलोत के संकटकाल में उनके संकटमोचन बन कर काम आएं थे वो खास साबित हुए या पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा जो गहलोत के करीबी माने जाते रहें है उनका मान रखा गया है, इस पर बड़ी बहस आम जनता में शुरू हो गई है। आज हुई घोषणाओं में कन्या महाविद्यालय, अरबों की लागत से जल प्रदाय योजना, जिला सेशन कोर्ट खोलना हो या मणकरासर में 33 के.वी. जीएसएस, सभी घोषणाओं का क्रेडिट सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के समर्थक उनको दे रहे हैं वही महिया के समर्थक इन मांगो के लिए पिछली 15 फरवरी को सीएम-महिया से हुई मुलाकात और महिया द्वारा इन मांगों के लिए दिए गए पत्र वायरल कर रहे हैं। खैर जो भी हो आम जन की जरूरतों को अनदेखा किये जाने के बाद भी की गई घोषणाओं से नागरिक खुश हैं। लोगो का कहना है कि जो घोषणाएं हुई है वह बस जल्दी से धरातल पर क्रियान्वित हो जाएं। क्योंकि क्षेत्र की जनता पहले के बजटों में बीदासर – श्रीडूंगरगढ़ सड़क, श्रीडूंगरगढ़-कालू सड़क, 200 करोड़ की लागत से ड्रेनेज योजना, महाविद्यालय का भवन सहित आज तक ना जाने कितनी घोषणाएं केवल सुन कर मायूस ही हुए हैं। कन्या महाविद्यालय की घोषणा से अब क्षेत्र में महिला शिक्षा को बढ़ावा मिल सकेगा और बीकानेर नहीं जा सकने के कारण पढ़ाई छोड़ने का दर्द बालिकाओं का कुछ कम हो सकेगा।



