






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 दिसम्बर 2023। शुक्रवार रात को अज्ञात लोगों द्वारा खेत की ढाणी में घुस कर युवक की गला घोंट कर हत्या करने के मामले में अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण अब आंदोलन पर उतर गए है। शनिवार शाम शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द किया। लेकिन परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मांग पर रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीणों भी मोर्चरी पहुंचे है और मोर्चरी के आगे धरने पर बैठ गए है। यहाँ ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू कर दी है। पूरे गांव के ग्रामीण सामूहिक रूप से परिजनों के साथ है एंव गांव के सभी दुकानें, प्रतिष्ठान भी बन्द है। वहीं देराजसर के निकटवर्ती सूडसर उपतहसील मुख्यालय पर भी बंद का आह्वान किया गया है। सूडसर व्यापार मंडल अध्यक्ष सोहनदास स्वामी ने बताया कि खेत की ढाणी में घुस कर अज्ञात लोगों द्वारा युवक की हत्या करने की घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में असुरक्षा और आक्रोश व्याप्त है। इस कारण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर सूडसर बाजार बंद का निर्णय लिया गया है। मौके पर क्षेत्र के नेता भी पहुंच रहे है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस सीओ गोमाराम एंव सेरूणा थानाधिकारी इंद्रलाल मौके पर पहुंचे हैं और ग्रामीणों से शव ले जाने की समझाइश कर रहे हैं।







