






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अक्टूबर 2020। क्षेत्र में कोरोना जांचे बंद करने के बाद श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के पश्चात क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाते हुए श्रीडूंगरगढ़ में त्वरित प्रभाव से कोरोना सैम्पल पुनः शुरू करवाने की मांग की है। क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का प्रतिशत सैम्पल के आधार पर जिले में सर्वाधिक होने के बाद भी जांचें बंद करने एवं श्रीडूंगरगढ़ के समानांतर नोखा क्षेत्र में सैम्पल लगातार लिए जाने को क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाया गया है एवं क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने पर रोष जताया गया है। टाइम्स द्वारा खबरें प्रकाशित करने के बाद सामाजिक संगठन नागरिक विकास परिषद, भारतीय जनता यूवा मोर्चा, यूथ कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल सहित कई विशिष्ट लोगों ने अपने-अपने स्तर पर प्रशासन एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तक क्षेत्र की आवाज पहुंचाई है। युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष भवानीप्रकाश तावणियां ने उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन दिया एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने फोन पर उपखण्ड अधिकारी से वार्ता कर क्षेत्र के इस ज्वंलत मुद्दे का शीघ्र निस्तारण करवाने की मांग की है। उपखण्ड अधिकारी दिव्या चौधरी ने चिकित्सा विभाग द्वारा सैम्पल बंद करने की कोई सूचना नहीं देने की जानकारी दी एवं क्षेत्र में पांच दिनों से कोई सैम्पल नहीं होने की जांच करवाने की बात कही है। चौधरी ने बताया कि चिकित्सा विभाग के कोविड प्रोटोकाल में सीनियर सिटीजन है, हाई रिस्क, कांटेक्ट हिस्ट्री या जिसके कोरोना के लक्षण नज़र आ रहे है उनकी जाँच होनी अनिवार्य है और इस संबध में जिला स्तरीय अधिकारियों से वार्ता की गई है और शीघ्रताशीघ्र जांचें शुरू करवा दी जाएगी।




